श्री छत्रपति शिवाजी महाराज की ३९४ वी जयंती दार-ए-सलाम, तंज़ानिया में
श्री छत्रपति शिवाजी महाराज की ३९४ वी जयंती दार-ए-सलाम, तंज़ानिया में
दि. १८ फरवरी, २०२४, शनिवार
दार-ए-सलाम, तंज़ानिया, पूर्वी अफ्रिका
महाराष्ट्र मंडल तंज़ानिया के बैनर तले हिंदू हृदय सम्राट श्री छत्रपति शिवाजी महाराज की ३९४ वी जयंती दार-ए-सलाम में स्थित सनातन धर्म सभा के लक्ष्मी नारायण मंदिर के सभागृह में बडी धूमधाम, अतिउत्साह और गौरव के साथ मनाई गई। इस महोत्सव का आयोजन महाराज की प्रतिमा के साथ रैली (जुलूस) निकालकर किया गया। उसी के साथ घोड़े पर सवार बाल शिवाजी अपने दो मावळों के साथ इस रैली की शान को बढ़ा रहे थे। इस रैली में महाराष्ट्र मंडल के स्त्रियों ने पारंम्परिक वेश भूषा पहन कर शिवाजी महाराज की प्रतिमा के आगे लेझिम नृत्य किया और पुरुषों ने जय शिवाजी, जय भवानी का जयघोष लगाकर पुरा वातावरण जोश से भर दिया था। यह यात्रा पूरे दो घंटे चली जो मंदिर के मुख्य द्वार से होती हुई सीटी सेंटर का चक्कर लगा कर वापस मंदिर के मुख्य द्वार पर आकर समाप्त हुई। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चार्ज द अफैयर्स (कार्यकरणी) भारतीय उच्चायुक्त श्री मनोज वर्मा और उनकी श्रीमती पूनम वर्मा थे जिनके साथ स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र की निदेशिका डॉ. सौम्या चौहान भी उपस्थित थी। महाराष्ट्र मंडल, तंज़ानिया के संस्थापक और संरक्षक श्री कमलाकर भट्भट ने भी इस महोत्सव में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। मंडल की रुचिता अहिर्राव और वर्षा शिरसागर ने मिलकर सभागृह के मंचद्वार पर छत्रपति शिवाजी महाराज की अतिसुंदर और मन-मोहक रंगोली निकाली।
सभागृह में पहले छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित की गई और उपस्थित सभी अतिथियों ने पुष्पमाला अर्जित कर के पूजा की। तत्पश्चात दीप प्रज्वलन करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रथम महाराष्ट्र मंडल की स्त्रियों ने महाराष्ट्र संस्कृति के अनुसार पाळना गीत गा कर छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्मदिवस मनाया। महामहिम मनोज वर्मा जी ने अपने भाषण में कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के विचारों और आदर्शो को आज की युवा पिढियों को आत्मसात करने की जरूरत हैं। इस मौके पर महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष श्री सम्भाजी पाटिल ने भी अपने विचार व्यक्त किए और कहा कि शिवाजी महाराज जैसी वीरता, रणनीति और कुशल नेतृत्व से ही देश का कल्याण होगा जिसके लिए हमें अपने बच्चों को उनके बारे में बताना और उनके द्वारा स्वराज्य के लिए किए गए कार्य को समझाना हर माँ बाप का कर्तव्य है। कार्यक्रम के दौरान पितृतुल्य श्री कमलाकर भट्भट ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उसी शृंखला में अशोक लैलैंड तंज़ानिया कंपनी के कंट्री मैनेजर श्री नितिन वाघमारे ने अपने वक्तव्य में कहा कि शिवाजी महाराज के आदर्शो को ध्यान में रखते हुए स्कूल कॉलेज में उनके द्वारा बनयी गयी नीतियों का पाठ पढ़ाना बहुत अनिवार्य है जिससे हमारे देश कि संस्कृति और युद्ध नीति और मजबूत हो सके। मराठी भाषीय गीत अर्थात पोवाडा जो वीर पुरुषों की गाथा को लयबध्द तरीके से पेश किया जाता है उसे श्री स्वप्नील अहिर्राव ने पेश करके सभी प्रेक्षकों के मन को मोह लिया और पूरे सभागृह में जय शिवाजी जय भवानी का उद्घोष होने लगा।
इस उत्सव में
तंजानिया के स्थानीय बच्चों का मराठी भाषा में शूर आम्ही सरदार गीत बहुत ही
लोकप्रिय रहा। पूरा सभागृह तालियों की गूंज से खिलखिला उठा। शिवाजी महाराज के
प्रति प्रेम देखकर सभागृह के सभी दर्शकों ने उन्हें खड़े होकर सम्मानित किया। उसके
पश्चात इंडियन स्कूल ऑफ दार-ए-सलाम, के बच्चों
ने अप्रतिम नृत्य की प्रस्तुति देकर मंच को सुशोभित किया। हिंदू स्वंय सेवक संघ के
सदस्यों ने शिवाजी महाराज के गीत पर अपना नृत्य पेश करके यह दिखा दिया कि वह भी
किसी से कम नहीं है। बहुत ख़ूबसूरत प्रस्तुति रही उनकी। हिन्दी हैं हम अंतरराष्ट्रिय
साहित्यिक संस्था के दो गायक नीना मिश्रा और महेश शर्मा ने अपने ख़ूबसूरत आवाज में
एक गीत पेश किया जिसे सुनकर प्रेक्षक तालियों से बीच-बीच में उनका उत्साहवर्धन कर
रहे थे।
दार-ए-सलाम में
स्थित विभिन्न संस्थाओं ने भी इस उत्सव में बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया और अपने गीत और
नृत्य से इस पूरे उत्सव के महत्त्वपूर्ण भाग बने रहे। अंत में महाराष्ट्र मंडल के
गायक और गायिकाओ ने अपनी प्रस्तुति दी जिससे पुरा सभागृह और प्रेक्षक तालियाँ
बजाते-बजाते शिवाजी महाराज का जयघोष कर रहे थे।
इस पूरे कार्यक्रम
का संचालन लेखक और संपादक श्री सूर्यकांत सुतार 'सूर्या'
और श्रीमती गौरांगी भंडारे ने किया। अतिप्रभावित संचालन से अतिथि-गण
और सभी दर्शक अंतिम प्रस्तुति तक लगातार मंच से जुड़े रहे। लगभग चार सौं अधिक
संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज करा कर इस महाउत्सव में लोगों ने अपना सहकार्य
किया। कार्यक्रम के पश्चात महाराष्ट्र मंडल तंज़ानिया ने सभी लोगों के लिए भोजन
व्यवस्था भी थी।



Comments
Post a Comment